चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में युवक घायल
सरसावा (सहारनपुर)। चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहा एक युवक अचानक फिसलकर ट्रेन के नीचे जा गिरा। इस कारण वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
गांव अलीपुरा का निवासी शाकिर (30 वर्ष) लुधियाना में किसी फैक्ट्री में काम करता है । शाकिर शनिवार से घर आया हुआ था तथा सुबह पांच बजे के करीब लुधियाना जाने के लिए घर से निकला। बताया जाता है कि शाकिर ट्रेन से सहारनपुर जाने पिलखनी रेलवे स्टेशन पहुंचा।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यमुनानगर की ओर से आने वाली जम्मू से सहरसा जा रही एक्सप्रेस ट्रेन जैसे ही पिलखनी स्टेशन पर आकर धीमी हुई। उसे देखकर शाकिर ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करते हुए ट्रेन के दरवाजे का हैंडल पकड़ लिया। लेकिन ट्रेन की गति के कारण युवक संभल नहीं पाया और अचानक उसके हाथ से हैंडल छूट गया ओर वो लुढ़कता हुआ ट्रेन के नीचे जा गिरा। इससे उसकी दोनों टांगे बुरी तरह से जख्मी हो गईं। घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां उसकी हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।