सहारनपुर। डीएम के कडे़ निर्देश के बाद पूर्ति विभाग ने खाद्यान्न में हेराफेरी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई में जुट गया है। मंगलवार को डीएम आलोक कुमार पांडे द्वारा की गई समीक्षा में यह तथ्य सामने आया है। विभाग ने बताया कि जून महीने में जहां 14 दुकानों को निरस्त किया गया वहीं चार अन्य को निलंबित किया गया है। एक राशन डीलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के साथ ही आधार कार्ड की फीडिंग भी 88 फीसदी तक पहुंच गई है।
मंगलवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे ने पूर्ति विभाग की समीक्षा की। इसमें जिला पूर्ति अधिकारी एसके मिश्र ने बताया कि जिले में खाद्यान्न वितरण में गड़बड़ी करने वाले चार दुकानदारों के अनुबंध पत्र को निलंबित कर दिया गया है। इसके अलावा हलालपुर के मान सिंह के खिलाफ 197472 रुपये की रिकवरी जारी की गई है। राशन डीलर नीरज कुमार के यहां स्टॉक कम पाए जाने पर उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सरसावा थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। उन्होंने जिलाधिकारी को बताया कि राशन डीलर रमेश रानी, विवेक कुमार, टीएन पुरी और रमेश कुमार को नोटिस भी जारी किए गए हैं।