सहारनपुर। कृषि रक्षा विभाग द्वारा लिए गए कीटनाशकों के 180 नमूनों में से जांच के बाद आठ नमूने अधोमानक पाए गए। अधोमानक कीटनाशक बेचने वालों के खिलाफ सीजेएम कोर्ट में वाद दाखिल कराया जाएगा।
जनपद में अधोमानक कीटनाशकों की बिक्री की शिकायतों को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर कृषि रक्षा विभाग ने कीटनाशक दुकानदारों के यहां छापेमारी कर 180 नमूने जांच को लिए थे। राजकीय प्रयोगशाला में इन पेस्टीसाइड के नमूनों की जांच कराई गई। उप निदेशक कृषि राजीव कुमार ने बताया कि दुकानदारों के यहां छापे मारकर 180 नमूने लिए गए थे। इनमें से आठ नमूने अधोमानक पाए गए हैं। इसके खिलाफ सीजेएम कोर्ट में वाद दायर कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि अधोमानक पाए गए कीटनाशकों में 4डी एमाईनसाल्ट, क्लोरोपायरी फॉस 50 प्रतिशत, साइपर मैथरीन 5 प्रतिशत, डेल्टामैथरीन 2.8 प्रतिशत ईसी, इथीफोन 39 प्रतिशत 39 सीएल, इमिडा क्लोप्रिड 17.8 एसएल आदि के नमूने शामिल हैं। उप कृषि निदेशक ने बताया कि जिन पेस्टीसाइड विक्रेताओं के यहां से लिए गए नमूने अधोमानक पाए गए हैं उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए वाद दायर कराया जाएगा। इससे पहले भी 6 दुकानदारों पर अधोमानक कीटनाशक बेचने का मुकदमे चल रहे हैं।