सहारनपुर। विकास प्राधिकरण की टीम ने बुधवार को खाताखेड़ी क्षेत्र में दो अवैध व्यवसायिक निर्माणों को सील किया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर भारी पुलिस बल होने की वजह से कोई भी कार्रवाई का विरोध नहीं कर सका। ऐसे में प्राधिकरण की टीम ने अपनी कार्रवाई की।
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि खाताखेड़ी में फैयाज अहमद के द्वारा पूर्व निर्मित दुकान के ऊपर प्रथम तल बनाया जा रहा था। प्राधिकरण की पड़ताल में निर्माण अवैध पाया गया। सचिव विकास प्राधिकरण ने निर्माण को सील करने के निर्देश दिए थे, जिसके लिए दो मई की तिथि निर्धारित की गई थी। ऐसे में प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। खाताखेड़ी में ही कबीर मार्केट में अफजल अहमद के द्वारा भवन निर्माण किया गया, जिसमें नेशनल हैंडीक्राफ्ट के नाम से बिजनेस किया जा रहा था। प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर मानचित्र की स्वीकृति दिखाने को कहा तो कोई स्वीकृति नहीं मिली। ऐसे में प्राधिकरण सचिव ने निर्माण को अवैध मानते हुए सील करने के निर्देश दिए थे। प्राधिकरण की टीम ने बुधवार को इस निर्माण को भी सील किया। विकास प्राधिकरण सचिव ने निर्माणों को सील करने की पुष्टि की।