पट्टा धारकों ने जमा किए 47 करोड़ रुपये
सहारनपुर। ई नीलामी के जरिए खनन पट्टा हासिल करने वाली फर्मों ने सिक्योरिटी मनी और पहली किश्त के 47 करोड़ रुपये जमा करा दिए हैं। इसके बाद पट्टों के एप्रूवल की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। एनजीटी की एनओसी के बाद पट्टा हासिल करने वाली फर्मों के साथ एग्रीमेंट किया जाएगा।
बता दें कि 9 मार्च को जिले में पांच खनन पट्टों की नीलामी प्रक्रिया पूरी हुई थी। जिसमें बाला जी ट्रेडिंग कंपनी ने 71 रुपये प्रति घन मीटर की बोली लगाकर ढिक्का कलां पट्टे पर बाजी मारी थी। वहीं दरिया बरामद में प्राइम विजन इंडस्ट्रीज ने 131 रुपये प्रति घन मीटर का सर्वाधिक रेट लगाया था। रहना पट्टे के लिए सबसे अधिक रेट हरियाणा के राहुल पंवार ने लगाया था। उन्होंने इस पट्टे के लिए 1500 रुपये प्रति घन मीटर की बोली लगाई थी। नुनियारी में यमुना नगर की बजाड़ कांट्रेक्टर्स ने 807 रुपये और कालूवाला पहाड़ीपुर में भोपाल मध्यप्रदेश की फर्म सैनिक फूड्स प्राइवेट लिमिटेड ने 582 रुपये प्रति घन मीटर की बोली लगाकर बाजी मारी थी। जिला खान अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को पटटा हासिल करने वाली फर्मो ने सिक्योरिटी मनी और पहली किश्त के रूप में 47 करोड़ रुपये जमा करा दिए हैं। अब इन बोलीदाताओं को पट्टा आवंटन करने की प्रक्रिया को शुरू किया जाएगा। इसके बाद नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल से इन पट्टों को अप्रूव कराकर इनके साथ एग्रीमेंट किया जाएगा।