सहारनपुर। भारतीय संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की बैठक में जिलाध्यक्ष आशीष वैश्य ने बजट में आयकर छूट की सीमा को तीन लाख रुपये से बढ़ाकर पांच लाख रुपये करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जीएसटी में सभी वस्तुओं पर एक समान कर लगाया जाए। उन्होंने मंडी समिति कर और ई-वे बिल को समाप्त करने की मांग की।
बुधवार को मोरगंज स्थित कार्यालय पर आयोजित बैठक में जिलाध्यक्ष ने कहा कि मौजूदा स्थिति को देखते हुए आयकर छूट की सीमा को तीन से बढ़ाकर पांच लाख रुपये की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जीएसटी में सभी वस्तुओं पर कर की एक दर होनी चाहिए और ई-वे बिल पूरी तरह से समाप्त होनी चाहिए। नगर अध्यक्ष नितिन गर्ग, जिला महामंत्री आशीष प्रकाश गुप्ता और सचिन गुप्ता ने कहा कि दुनिया में जिन देशों में एक कर प्रणाली लागू की गई है, वहां पर सभी वस्तुओं पर कर की एक समान दर लागू है। इसलिए जीएसटी में भी एक दर लागू होनी चाहिए। दानिश काजमी और गिरिराज वर्मा ने कहा कि जब जीएसटी लागू हो गया है तो मंडी समिति के कर को समाप्त किया जाना चाहिए। अलंकार किशोर, श्रवण गर्ग, राजकुमार गुप्ता, यशपाल बब्बर, जॉनी टांक, सुभाष कश्यप, अनामिका शर्मा, ऐशाली चौहान, ममता सिंघल, गगन अरोड़ा, शाहनवाज, अब्दुल सलाम, जितेंद्र कक्कड़, संजीव गर्ग, विजय गुप्ता, संजय जैन, विश्वास कुमार आदि रहे।