रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। कस्बे में साप्ताहिक बंदी व मिलावटी खाद्य पदार्थों की ब्रिकी को लेकर छापामारी करने आई खाद्य विभाग की टीम व एसडीएम को पूरा बाजार बंद मिला। इसके चलते टीम को बैरंग ही लौटना पड़ा। वहीं कस्बा वासियों में चर्चा रही कि खाद्य विभाग की टीम छापामारी से पूर्व ही दुकानदारों को सचेत कर देती है।
कस्बे में छापामारी करने आई खाद्य विभाग की टीम ने सोमवार को जैसे ही एसडीएम राकेश कुमार गुप्ता के साथ बाजार का रुख किया तो पूरा बाजार बंद हो गया। ऐसे में एसडीएम ने टीम से पूछा कि क्या छापेमारी टीम की सूचना दुकानदारों को मिल गई थी तो टीम कोई जवाब नहीं दे पाई। एक शिकायत पर टीम जब मोमोज बनाकर सप्लाई करने वाले के घर पहुंची तो वहां भी कोई नहीं मिला। इस पर टीम को बैरंग ही वापस लौटना पड़ा। इस पर एसडीएम ने रामपुर मनिहारान खाद्य निरीक्षक मनोज कुमार से पूछा कि क्या वह तहसील में बैठते हैं। इस पर उन्होंने कहा कि नहीं वे जिला मुख्यालय पर रहते हैं। इस पर एसडीएम ने उन्हें निर्देश दिया कि वह आज से ही तहसील में बैठा करें। इसके बाद टीम नानौता के लिए रवाना हो गई वहां से लौटने के बाद एक बार फिर टीम जब बाजार में आई तो साप्ताहिक बंदी के दौरान दुकान खोले बैठे दुकानदार अपनी दुकानों को बंद कर भाग खड़े हुए। एसडीएम ने टीम से कहा कि वह अब की बार औचक निरीक्षण करें और मिलावटी पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करें।