बैंकों की हड़ताल से 100 करोड़ का लेनदेन प्रभावित
सहारनपुर। विभिन्न मांगो को लेकर बैंक कर्मचारी मंगलवार को हड़ताल पर रहे। जिले के सभी बैंकों पर ताले लटके रहे। जिससे करीब 100 करोड़ का लेनदेन प्रभावित हुआ है। हड़ताल से उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मंगलवार को कोर्ट रोड स्थित एसबीआई की मुख्य शाखा पर युनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के नेतृत्व में बैंक कर्मचारियों ने हड़ताल रखकर धरना दिया। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टाफ एसोसिएशन के क्षेत्रीय सचिव मनमोहन सूद ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र में बैंकों का निजीकरण न किया जाए। बैंकों के विलयीकरण और एकीकरण की योजना को बंद की जाए। बैंककर्मी संजय ने कहा कि संसदीय कमेटी की एनपीए रिकवरी पर संस्तुतियां लागू की जाए। प्रदीप त्यागी ने कहा कि प्रस्तावित एफआरडीआई बिल को वापस लिया जाए। आनंद कुमार ने कहा कि कॉरपोरेट एनपीए के भार को शुल्क बढ़ाकर ग्राहकों पर ना डाला जाए। जीएसटी के नाम पर सेवा शुल्क ना बढ़ाया जाए। कर्मचारियों और अधिकारियों के नोटबंदी से संबंधित मामलों को सुलझाया जाए। रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति की जाए। पेंशन योजना में सुधार किया जाए।
इस दौरान आनंद कुमार, विधु शेखर शर्मा, संजय शर्मा, हरिंद्र शर्मा, निशांत, सचिन सैनी, अमित कुमार, मदन लाल, रामपाल सिंह, संजय वर्मा, केके शर्मा, रविंद्र कुमार, सूरजपाल, चंद्रपाल सहित सैकड़ों बैंककर्मी मौजूद रहे।