सद्भावना सम्मेलन 22 अगस्त को
रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। चर्रोह गांव में स्थित मदरसा जामिया दावुतल हक मुइनिया में मुस्लिम समुदाय की बैठक आहूत की गई, जिसमें वक्ताओं ने 22 अगस्त को इस्लामिया इंटर कालेज सहारनपुर में प्रस्तावित सद्भावना सम्मेलन में पहुंचने की अपील की।
बैठक में इस्लामिक विद्वान मौलाना डॉ. अब्दुल मालिक मुगीसी ने कहा कि मुठ्ठी भर लोग अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए नफरत को बढ़ावा दे रहे हैं। यह देश की सभ्यता के साथ मजाक है। भारत में रहने वाला अमन पसंद व्यक्ति सब कुछ बर्दाश्त कर सकता है, लेकिन देश की सभ्यता को आंच आए यह कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। जमीयत उलमा ए हिंद के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मौलाना शमशीर कासमी ने कहा कि देश को खुशहाल बनाना जरूरी है। सभी को न्याय मिले और भाईचारा कायम रहे, जिससे देश के खिलाफ षड्यंत्र रचने वाली ताकतों को मुंहतोड़ जवाब मिल सके।
बैठक में मौलाना वसीम ने 22 अगस्त को इस्लामिया इंटर कालेज के सम्मेलन में पहुंचने की अपील की। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में सभी धर्मों के धर्मगुरु शामिल होकर आपसी भाईचारे का पैगाम देंगे। बैठक की अध्यक्षता मदरसा प्रबंधक सूफी शमशाद और संचालन मौलाना वसीम ने किया। बैठक में मौलाना अतहर हक्कानी, मौलाना सरवर, मौलाना जुल्फान, यासीन प्रधान, कारी आजम, हाजी इदरीश महबूब, हाजी जियाउद्दीन, हाफिज शराफत, नईम, फारूख, अफसर, शौकत, इरफान आदि मौजूद रहे।