सहारनपुर। रूट डायवर्जन के बाद बदले रूट पर चले भारी वाहनों एवं बसों ने पहले ही दिन पूरे शहर को जाम कर दिया। लोग दो-दो घंटे तक जाम में फंसे रहे। स्कूली बच्चे भीषण गर्मी में जाम में फंसकर बिलबिला गए और घंटों देरी से स्कूल से घर पहुंचे। लोगों को दिन भर परेशानी का सामना करना पड़ा।
कांवड़ मेले के चलते पुलिस-प्रशासन ने शहर का रूट डायवर्ट कर दिया। हल्के और भारी वाहनों को बदले गए मार्ग की ओर भेजा गया तो एक के बाद एक करके शहर के सभी रास्ते जाम होते चले गए। कोर्ट रोड, कचहरी पुल, अस्पताल पुल, खलासी लाइन, दिल्ली रोड पर अचानक ट्रैफिक बढ़ जाने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। सबसे अधिक जाम कोर्ट रोड पर और पुल पर लगा। रेलवे स्टेशन के नजदीक स्थित बस अड्डे से लेकर कचहरी पुल तक लगभग एक किलोमीटर लंबा जाम लग गया। दोपहर में लगे इस जाम में लोग फंसते चले गए। स्कूली बसें एवं अन्य वाहनों के फंस जाने से बच्चे गर्मी से बेहाल हो गए। बिलबिलाए बच्चों की हालत को देख आसपास के दुकानदार बच्चों को पानी पिलाया। स्कूली बच्चे भी लगभग दो घंटे देरी से अपने-अपने घर पहुंचे। लोगों ने जाम से बचने के लिए गलियों का रास्ता अख्तियार किया, लेकिन गलियों में भी वाहनों के बढ़ जाने से जाम की स्थिति बनी रही। शुक्रवार की शाम लगभग पांच बजे तक बार-बार जाम लगता रहा। लोगों को दिन भर परेशानी का सामना करना पड़ा।