सहारनपुर। वाणिज्यकर विभाग ने अभियान चलाकर चोरी के आरोप में 15 वाहनों को पकड़ा है। इसमें से 13 वाहनों से 10 लाख 50 हजार रुपये जमा कराए गए हैं। जबकि दो वाहनों में लदे माल का भौतिक सत्यापन चल रहा है।
वाणिज्यकर विभाग को लगातार यह सूचना मिल रही थी कि मुजफ्फरनगर में कई लोहा निर्माता बगैर फार्म 21 लोड किए माल को बाहर भेज रहे हैं। जबकि फार्म 21 एक लाख रुपये से अधिक का लोहा बाहर भेजने के लिए अनिवार्य है। इस सूचना पर वाणिज्यकर विभाग की टीम ने 10 वाहनों को मुजफ्फरनगर से पकड़ लिया। इस माल के लिए फार्म 21 डाउनलोड नहीं था। पकडे़ गए माल की कीमत 50 लाख रुपये आंकी गई। इनसे 15 प्रतिशत यानि 7:30 लाख रुपये की जमानत राशि को जमा कराया गया है। इसी अभियान में टीम ने उत्तराखंड के लिए बनी बहती पर कोयला लदी दो गाड़ियों को पकड़ लिया। इसमें 2.60 लाख रुपये जमानत राशि के जमा कराए गए हैं। रेलवे के जरिए आ रहे सस्ते मोबाइलों की एक खेप को भी पकड़ा गया। जिसमें 50 हजार रुपये जमा कराए गए हैं। वाणिज्यकर विभाग के एडिशनल कमिश्नर ग्रेड-2 विनय अस्थाना ने बताया कि इसी प्रकार सहारनपुर मंडी से एक गाड़ी पकड़ी गई जिसमें ऊपर आलू और नीचे हार्डवेयर लदा है। इसका भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है। जबकि एक गाड़ी बैट्री स्क्रैप से लदी हुई पकड़ी गई। इस गाड़ी के पास कागज दिल्ली से उत्तराखंड के बने हुए थे। शक होने पर इसका सत्यापन कराया गया तो पता चला कि माल सहारनपुर से ही लादा गया था। इन दोनों गाड़ियों का भौतिक सत्यापन कराया जा रहा है।
10.50 लाख रुपये की जमानत जमा कराई
दो वाहनों का भौतिक सत्यापन जारी