सहारनपुर के अंबाला रोड पर खड़े ऑटो
सहारनपुर। तमाम सख्ती के बावजूद जिले की सड़कों पर टेंपो और ऑटो बिना फिटनेस के फर्राटा भर रहे हैं। हाल यह है कि 7069 ऑटो-टेंपो में से 1873 ऐसे हैं, जिनका फिटनेस ही नहीं कराया गया। इनमें न इंडिकेटर है और न ही इनकी बैठ लाइट जलती। 10 साल की मियाद पूरी कर चुके 2163 ऑटो-टेंपो का संचालन भी जारी है। इनसे हादसे होने के साथ-साथ प्रदूषण बढ़ रहा है।
संभागीय परिवहन विभाग से 5986 ऑटो और 1083 टेंपो पंजीकृत हैं। महानगर में घंटाघर, अंबाला रोड, दिल्ली रोड पर ऑटो-टेंपो खड़े हैं। सहारनपुर से रामपुर मनिहारान, सरसावा, नागल, छुटमलपुर, गंगोह, नकुड़ आदि रूटों की दौड़ते हैं। इनके लिए महानगर में रूट निर्धारित है, ताकि जाम की समस्या से निजात मिल सके, लेकिन अभी भी काफी संख्या में ऑटो-टेंपो बिना रूट के ही दौड़ रहे हैं।
हालत यह है कि चालक फिटनेस खत्म होने के बाद भी ऑटो-टेंपो का संचालन किया जा रहा है। यह कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। इसके साथ ही यह प्रदूषण का भी कारण बन रहे हैं। इनसे निकलने वाला धुआं 50 साल की आयु पार कर चुके लोगों के लिए काफी नुकसानदायक है। ऐसा भी नहीं है कि विभाग को इनकी जानकारी न हो। इसके बाद भी इन पर कार्रवाई नहीं की जा रही है।