सहारनपुर। तकनीकी वजहों से जनपद के करीब 200 किसानों की प्रधानमंत्री किसान सम्मान राशि उनके बैंक खातों से वापस हो गई। इन किसानों ने कृषि विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर अपनी पीड़ा सामने रखी है। विभागीय अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि 23 मई के बाद पोर्टल शुरू होगा, इसके बाद किसानों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।
जनपद में 2 लाख 59 हजार किसान हैं। इनमें से 2.40 लाख लघु एवं सीमांत किसान हैं, जो प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के दायरे में आते हैं। सरकार की ओर से इस योजना के तहत दो-दो हजार की सम्मान राशि किसानों के खातों में भेज दी गई, लेकिन कुछ किसान ऐसे भी हैं जिनके खाते में एक बार सम्मान राशि जमा हो गई, लेकिन बाद में वापस हो गई। ऐसे ही करीब दो सौ किसानों ने कृषि विभाग कार्यालय में जाकर अपनी पीड़ा रखी। इनमें से कुछ के बैंक खाते संयुक्त हैं, कुछ के आधार कार्ड और बैंक खाते में दर्ज नाम में फर्क है। उप निदेशक कृषि राकेश बाबू ने बताया कि करीब दो सौ किसानों ने बैंक खातों से सम्मान राशि वापस जाने की शिकायत की है। कुछ तकनीकी खामियों के चलते ऐसा होने की आशंका है। अभी पोर्टल बंद है। 23 मई के बाद पोर्टल के शुरू हो जाने के बाद तकनीकी खामियों को दूर कर किसानों के खाते में सम्मान राशि वापस कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि सम्मान राशि पाने के लिए किसान का एकल बैंक खाता होना चाहिए।