सहारनपुर। सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल द्वारा उच्च रक्तचाप दिवस पर आयोजित गोष्ठी में वरिष्ठ फिजीशियन डाक्टर संजीव मिगलानी ने कहा कि भारत में मृत्यु का प्रथम कारण उच्च रक्तचाप है। इसलिए इस साइलंट किल्लर के प्रति जागरूक होने की जरूरत है।
कोर्ट रोड स्थित व्यापार भवन में आयोजित गोष्ठी का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर मजिस्ट्रेट पंकज कुमार वर्मा और फिजीशियन डाक्टर संजीव मिगलानी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। डाक्टर संजीव मिगलनी ने कहा कि उच्च रक्तचाप पूरे विश्व में बहुत बड़ा मुदा है। विश्व में करीब एक अरब से ज्यादा लोग उच्च रक्तचाप ग्रस्त है। भारत में इनकी संख्या 20 करोड़ है। यही स्थिति रही तो वर्ष 2025 तक यह संख्या दोगुनी हो जाएगी। इसलिए हमें जागरूक होकर और चिकित्सकों से सलाह लेकर इस पर कंट्रोल करना चाहिए। ताकि ब्लड प्रेशर की वजह से अचानक होने वाली मौतों के आंकड़ों को कम किया जा सके। नगर मजिस्ट्रेट पंकज कुमार वर्मा ने व्यापार मंडल का आभार जताते हुए कहा कि जिस तरह व्यापार मंडल व्यापारियों के हितों की लड़ाई लड़ रहा है, उसी तरह स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने में अहम भूमिका निभा रहा है। महानगर अध्यक्ष विवेक मनोचा और महानगर महामंत्री सरदार सुरेंद्र मोहन सिंह चावला ने कहा कि व्यापारी काम की वजह से पूरे दिन दबाव और टेंशन में रहते हैं। ऐसे में डाक्टर मिगलानी द्वारा दी गई सलाह को अपनी दिनचर्या में शामिल करने की आवश्यकता है। इस दौरान प्रदेशीय उपाध्यक्ष यशपाल मैन, संगठन मंत्री राजपाल सिंह, राजेंद्र गुप्ता, एसके दुआ, राजीव मदान, गुलशन अनेजा, अशोक छाबड़ा, विशाल बांगा, मुरली खन्ना, कृष्ण लाल मिड्डा, संजय गुप्ता, अनुभव शर्मा, मुकेश गुप्ता, हरमीत सिंह, दीपक मलिक, हरीश बजाज, नरेश कुमार, सूरज ठक्कर मौजूद रहे।