हाईवे पर दो दिन तक पड़ी रही बुजुर्ग की लाश
सहारनपुर। एक बार फिर मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। अंबाला-देहरादून हाईवे पर दो दिन तक एक बुजुर्ग की लाश पड़ी रही, लेकिन न ही पुलिस और न ही लोगों ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी तक पहुंचवाने की जहमत उठाई, जबकि इस हाईवे से तीन राज्यों के वाहन गुजरते हैं और पुलिस गश्त भी होती है।
थाना कुतुबशेर क्षेत्र अंबाला-देहरादून हाईवे पर बड़ी नहर और मेडिकल कॉलेज के बीच सड़क पर ही दो दिन तक करीब 60 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा रहा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुक्रवार सुबह से सड़क किनारे लाश पड़ी थी। दिन भर सड़क से लोग गुजरते रहे, पूरी रात वाहन दौड़ते रहे, पुलिस भी उधर से होकर गुजरी, लेकिन बुजुर्ग के शव की ओर किसी ने ध्यान नहीं दिया।
किसी ने न ही पुलिस को सूचना दी और न ही शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी तक पहुंचाने का प्रयास किया, जबकि इस मार्ग से हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के वाहन गुजरते हैं। हाईवे पर हर समय चहल-पहल रहती है। पुलिस गश्त भी यहां हर समय होती है। दो दिन तक लाश की दुर्दशा होती रही। शनिवार को शव से दुर्गंध उठने लगी तब आसपास के लोगों ने शव को हटवाने के लिए पुलिस को सूचना दी। शनिवार दोपहर बाद पुलिस ने शव को उठवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। उसकी शनाख्त नहीं हो सकी है। कुतुबशेर थाना प्रभारी अभिषेक सिरोही ने बताया कि जब उन्हें सूचना मिली उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वह सड़क किनारे ही झोपड़ी में रहता था, जिस कारण किसी ने ध्यान नहीं दिया। जब पुलिस को उसकी मौत की सूचना मिली तो शव को उठवा दिया। इससे पहले उनके पास सूचना नहीं थी।