सहारनपुर। उप जिलाधिकारी सदर अनिल कुमार सिंह ने पांच गेहूं क्रय केंद्रों, दो गोशालाओं और एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने क्रय केंद्र प्रभारियों को खरीदे गए गेहूं को जल्द ही गोदामों में पहुंचाने के निर्देश दिए।
एसडीएम सदर ने बृहस्पतिवार को ग्राम चमारी खेड़ा, बुढ्ढाखेड़ा, कैलाशपुर, पुंडैन, नल्हेड़ा गाजी और सुनहैटी खड़खड़ी स्थित गेहूं क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। केंद्र पर खरीदे गए गेहूं की अधिक मात्रा का स्टॉक होने पर उन्होंने एफसीआई के एरिया मैनेजर को गेहूं उठान में तेजी लाने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि यदि मौसम खराब हुआ तो क्रय केंद्र पर रखा गेहूं खराब हो सकता है। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को तीन दिन के भीतर गेहूं के मूल्य का भुगतान करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने ग्राम गडौला और ढाल्ला माजरा स्थित गोशालाओं का भी औचक निरीक्षण किया। गडौला में 53 गाय और बछडे़ हैं। उन्होंने गोशाला तक जाने वाले रास्ते पर खड़ंजा लगाने और शेड का निर्माण कराने के लिए बीडीओ बलियाखेड़ी को निर्देश दिए। ढाल्ला माजरा स्थित गौशाला में बिजली कनेक्शन के लिए एसडीओ कैलाशपुर को निर्देशित किया गया। सुनहैटी खड़खड़ी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करते हुए एसडीएम सदर ने स्टॉक आदि का सत्यापन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इस दौरान बीडीओ पुंवारका ज्योति और एडीओ योगेंद्र शर्मा भी मौजूद रहे।