सहारनपुर। अंबाला रोड पर रेलवे लाइन के पुल में सड़क के बीच में सुराख हो गया, जिससे हादसों का अंदेशा पैदा हो गया। कर्मचारियों ने पुल की मरम्मत का कार्य शुरु कर दिया, जिसके चलते पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है।
शहर में अंबाला रोड पर रेलवे लाइन का पुल काफी समय से क्षतिग्रस्त हो रहा है। पुल पर सड़क के बीचोंबीच कई दिन से सुराख बन रहा था, जो बृहस्पतिवार रात में और खतरनाक हो गया। पुल में करीब दो मीटर चौड़ाई और एक मीटर लंबाई का मलबा टूटकर गिरने पर सुराख हो गया। पुलिस प्रशासन की तरफ से इस बारे में एनएचएआई (राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद शुक्रवार सुबह से पुल की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया गया। कर्मचारियों की टीम ने मरम्मत शुरू की, तो भारी वाहनों की आवाजाही के कारण परेशानी होने लगी। इसके बाद पुलिस अधिकारियों से बात करके अंबाला रोड रेलवे लाइन के पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद कराने का आदेश कर दिया गया।
-- हो सकता था बड़ा हादसा
अंबाला रोड पर रेलवे लाइन का पुल क्षतिग्रस्त होने की सूचना समय रहते मिल गई, जिसके बाद एनएचएआई के अधिकारियों को अवगत करा दिया गया। जिस तरह से पुल का मलबा टूटकर गिरा और वाहनों की आवाजाही लगातार होती रही, उससे बड़ा हादसा होने का खतरा भी पैदा हो गया था।
-- वर्जन --
यातायात प्रभारी तेज प्रताप सिंह का कहना है कि अंबाला रोड पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। सड़क के बीचोंबीच सुराख हो गया। छोटे वाहन तो आसानी से गुजर रहे हैं, लेकिन भारी वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। इसी वजह से रूट डायवर्जन किया गया है।
मार्ग में फेरबदल
1- हरिद्वार, रुड़की, भगवानपुर एवं गागलहेड़ी की ओर से आने वाले भारी वाहन जिन्हें सरसावा एवं अंबाला की ओर जाना है, वह फतेहपुर से चिलकाना, शाहजहांपुर होकर जाएंगे।
2- अंबाला, सरसावा की ओर से आने वाले भारी वाहन जिन्हें सहारनपुर शहर की ओर आना है, वह शाहजहांपुर से नकुड़ की ओर होते हुए मानकमउ से रजवाहा पटरी, हसनुपर होकर आएंगे।
3-मंडी समिति की ओर से आने वाला भारी वाहन जिन्हें अंबाला, सरसावा की ओर जाना है, वह रात दस बजे दर्पण तिराहा से रजवाहा पटरी होकर जाएंगे।