सहारनपुर। जिला पंचायत बोर्ड की बैठक में 29.61 करोड़ से करीब 400 विकास कार्य कराने की कार्ययोजना को स्वीकृति प्रदान की गई। बोर्ड ने सर्वसम्मति से जिला पंचायत आवासीय कालोनी में जर्जर हो चुके डाक बंगले को भी ध्वस्त करने का प्रस्ताव पास किया। साथ ही गंगोह स्थित जिला पंचायत की पशु वधशाला संबंधी प्रस्ताव में संशोधन करते हुए ठेका अवधि को नौ की बजाए पांच वर्ष करने के प्रस्ताव को स्वीकार किया है।
शनिवार को जिला पंचायत सभागार में आयोजित बैठक में जनपद में होने वाले विकास कार्यों की कार्ययोजना को स्वीकार किया गया। बोर्ड ने पशुओं, गधा, खच्चर, बैलगाड़ी और भैंसा बोगी को खनन अभिवहन से मुक्त करते हुए ट्रैक्टर ट्राली, ट्रक और आदि की प्रस्तावित दरों में बढोत्तरी की गई। श्री शाकम्भरी देवी स्थित जिला पंचायत के रैन बसेरा को किराए पर देने संबंधी प्रस्ताव का निरस्त कर दिया। गागलहेडी में जिला पंचायत की भूमि पर अवैध रूप से रह रहे व्यक्तियों से काबिज भूमि का किराया निर्धारित करने की स्वीकृति भी प्रदान की गई। बोर्ड बैठक में सुझाव रखा गया कि सभी सदस्य एक एक हजार रुपये केरल बाढ़ पीड़ितों को भिजवाएं। अध्यक्षता अध्यक्ष तसमीम बानो और संचालन सीडीओ रेणू तिवारी और एएमए डॉ. सुमनलता ने किया।