देशभक्ति का पाठ पढ़ा गए राज्य सूचना आयुक्त
छुटमलपुर (सहारनपुर)। राज्य सूचना आयुक्त हाफिज उस्मान ने शनिवार को यहां सूचना नहीं देने वाले अफसरों को सख्त कार्रवाई की चेतावनी तो दी ही, साथ ही वे मुस्लिम समाज के लोगों को देशभक्ति का पाठ भी पढ़ा गए। उन्होंने कहा कि यदि भारत पाक का क्रिकेट मैच हो तो मुस्लिम भाई पूरे जोश खरोश के साथ पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए हिंदुस्तानी टीम की हिमायत करें।
फतेहपुर डाक बंगले पर रुके राज्य सूचना आयुक्त हाफिज उस्मान ने कहा कि सूचना का अधिकार किसी भी व्यवस्था को पारदर्शी बनाता है। किसी भी स्तर पर इससे खिलवाड़ बरदाश्त नहीं होगा। उन्होंने ऐसे लोगों को भी चेताया जो सूचना के अधिकार की आड़ में अधिकारियों को ब्लैकमेल करते हैं। हाफिज उस्मान ने सुल्तान अहमद को अपना पारिवारिक मित्र बताते हुए कहा कि सहारनपुर आगमन के बाद उनकी फतेहपुर में आना मजबूरी हो जाती है। इस मौके पर उन्होंने मौजूद लोगों को देशभक्ति का पाठ भी पढ़ाया। कहा कि देश के लिए मर मिटने के लिए हर समय तैयार रहना चाहिए। इससे पूर्व यहां पहुंचने पर कुर्बान नेता, लुकमान मुखिया, फरमान प्रधान, इमरान भाई, शब्बू, नसीम नेता, रिजवान बीडीसी, सगीर बीडीसी, मुस्तकीम बीडीसी, प्रेम कांबोज, मास्टर यशपाल कांबोज, खुर्शीद, कारी रिहान, अय्यूब अब्बासी, हाजी भूरा, हाफिज मेहंदी, छात्र नेता अरशद मलिक, चौ मेहरबान, हाजी अहसान, हाजी सलीम आदि ने माल्यार्पण कर स्वागत किया।