सहारनपुर। बेसिक शिक्षक बीएलओ की ड्यूटी से मुक्त रखने की मांग प्रशासन से कर रहे हैं। बुधवार को फिर से उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ पदाधिकारी डीएम से मिलने कलक्ट्रेट पहुंचे और बीएलओ ड्यूटी से मुक्त करने की मांग दोहराई।
जिलाध्यक्ष संदीप सिंह पंवार ने बताया कि बेसिक शिक्षक चुनाव, पल्स पोलियो, जनगणना, राहत आपदा सहित अनेक राष्ट्रीय महत्व के कार्यक्रमों में योगदान करते आ रहे हैं। मगर बीएलओ की ड्यूटी में शिक्षकों को ज्यादातर समय सर्वे के लिए स्कूल से बाहर रहना पड़ता है। इसकी वजह से स्कूलों में शिक्षण कार्य बाधित रहता है। ऐसे में संगठन छात्र हित में बेसिक शिक्षकों को बीएलओ ड्यूटी से मुक्त करने की मांग कर रहा है। कलक्ट्रेट पहुंचने वालों में मंत्री अरविंद यादव, कोषाध्यक्ष राजीव कुमार आदि शामिल रहे।