ड्रिप इरीगेशन सिस्टम पर अनुदान देगा उद्यान विभाग
सहारनपुर। लगातार गिरते भूजल स्तर को देखते हुए बागवानी और खेती में ड्रिप इरीगेशन सिस्टम लगाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए सरकार की ओर से सिस्टम लगवाने वाले किसानों को लागत की राशि पर 80 से 90 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा। इसमें उद्यान विभाग का जिले में 603 हैक्टेयर क्षेत्रफल में ड्रिप इरीगेशन सिस्टम लगवाने का लक्ष्य है।
तेजी से गिरते भू जल स्तर को रोकने के लिए सरकार बागवानी और खेती में ड्रिप इरीगेशन सिस्टम लगवाने पर जोर दे रही है। इस सिस्टम के लगाने से न सिर्फ पानी की बचत होगी बल्कि उर्वरक और लेबर की भी बचत होगी। उद्यान विभाग को जिले में 603 हेक्टेयर एरिया में इसे लगवाने का लक्ष्य दिया गया है। इसमें लीची और आम में 30 हेक्टेयर, अमरूद मेेें 10, सब्जी में 40 हेक्टेयर में लगाया जाएगा। साथ ही स्प्रिंगलर सिस्टम की स्थापना के लिए 220 हेक्टेयर का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा गन्ना में 133 हेक्टेयर और गेहूं, दलहनी, तिलहनी और सब्जी आदि फसलों के लिए 165 हेक्टेयर में स्प्रिंगलर सिस्टम लगाने का लक्ष्य है। इसके लिए किसानों को अनुदान दिया जाएगा। जिसमें लघु और सीमांत किसानों के लिए लागत की 90 प्रतिशत और सामान्य किसानों के लिए अनुदान की यह राशि 80 फीसदी होगी।
--
गिरते भूजल को रोकने के लिए ड्रिप इरीगेशन वरदान है। उद्यान विभाग को जिले में ड्रिप इरीगेशन सिस्टम लगवाने के लिए 603 हेक्टेयर का लक्ष्य मिला है। जिसमें बागवानी से लेकर गन्ना, गेहूं, दलहनी, तिलहनी और सब्जियों की फसल में सिस्टम लगाए जाने हैं। इसके लिए किसानों को लागत का 80 से 90 प्रतिशत तक अनुदान दिया जाएगा।
-अरुण कुमार, जिला उद्यान अधिकारी।