सहारनपुर। यूपी बोर्ड में 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम आज आएगा। चूंकि इस बार परीक्षा नकल विहीन रही। ऐसे में परीक्षार्थियों की धड़कन तेज हैं, जिनमें से ज्यादातर परीक्षार्थी टेंशन में हैं। परिणाम पूर्वाह्न 11 बजे तक जारी होगा। छात्र अपने कंप्यूटर, लैपटॉप, टेबलेट या स्मार्ट फोन पर परिणाम देख सकेंगे।
जनपद में इस बार करीब 78 हजार छात्र-छात्राओं ने दसवीं और 12वीं की परीक्षाएं दी। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगे होने की वजह से इस बार प्रदेश भर में नकल नहीं हो सकी है। इसकी वजह से परिणाम नीचे जाने की आशंका बनी हुई है। यहां के मूल्यांकन केंद्र प्रभारी पहले ही इस बार का परिणाम गत वर्षों की तुलना में कम रहने की बात कह चुके हैं। ऐसे में परीक्षार्थियों को कम अंक आने या फिर फेल होने का डर सता रहा है। डीआईओएस आरके तिवारी ने परिणाम के पूर्वाह्न 11 बजे तक जारी होने की उम्मीद जताई है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को टेंशन फ्री रहने की सलाह दी।
परीक्षा परिणाम को लेकर ज्यादा सोचने या टेंशन लेने की जरूरत नहीं है, क्योंकि परिणाम तय हो चुका है। परिणाम जैसा भी रहे छात्र-छात्राओं को चाहिए कि वह हौसला न तोड़ें। अभिभावकों से विशेष अपील है कि वह खराब परिणाम पर बच्चे के साथ गलत व्यवहार करने की बजाय उसकी हिम्मत बढ़ाएं। क्योंकि किसी एक क्लास में कम अंक आने से जीवन विफल नहीं हो जाता है। फेल होने वाले या कम अंक लाने वाले छात्र अगले वर्ष अच्छी मेहनत कर टॉपर बन सकते हैं।
- डॉ. अमरजीत पोपली, वरिष्ठ मनोचिकित्सक।