नकुड़ (सहारनपुर)। संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम अमित आसेरी ने अधिनस्थों को शिकायतों का पारदर्शिता के साथ शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान दर्ज 33 शिकायतों में से 12 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
मंगलवार को ब्लाक सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम ने फरियादियों की शिकायतें सुनी। उन्होंने कहा कि फरियादियों की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की कोई लापरवाही बरतने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान गंगोह क्षेत्र के गांव दूधला निवासी किसान ऋषिपाल पुत्र निरंजन सिंह ने गांव के बस स्टैंड पर दुकान करने वाले झोलाछाप डॉक्टर पर जन स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाते हुए बताया कि गत अप्रैल 2017 में गेहूं की कटाई करते समय उसे दरांती लग गई थी। जिसके बाद उक्त झोलाछाप ने उसे गलत इंजेक्शन लगा दिया, जिससे उसकी टांग में इंफेक्शन हो गया। आरोप है कि वह कई बार मुख्य चिकित्साधिकारी व संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत कर चुका है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके अलावा गांव टाबर के अशोक ने गांव के आम रास्ते में टंकी के पाइप की लिकेज ठीक कराने, तीतरों के गांव धानवा निवासी शौकीन, बहलोलपुर के सेवाराम व जेहरा की निर्मला देवी ने जमीन से विपक्षियों का कब्जा हटवाने, गांव तर्बरकपुर की बालेश देवी व सतपाल ने जमीन की पैमाईश कराने, बुल्लेवाला के धर्मपाल ने वाल्मीकि बस्ती में सरकारी नल का रिबोर कराये जाने व गांव टोली के निर्भय सिंह ने विपक्षियों द्वारा बंद किए गए खेत के रास्ते को खुलवाये जाने की मांग की। इस दौरान कुल 33 शिकायत दर्ज हुई जिसमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। तहसीलदार महेंद्र कुमार, सीओ यतेंद्र नागर, बीडीओ शौकत अली, नायब तहसीलदार, विद्युत निगम के एसडीओ सचिन कुमार शर्मा, पालिका अधिशासी अधिकारी एसके सरोज व सीएचसी अधीक्षक डॉ रोहित वालिया आदि मौजूद रहे।