सहारनपुर। घर से नाराज होकर ट्रेन में सवार होकर सहारनपुर पहुंचे चार छोटे बच्चों को आरपीएफ ने पूछताछ के बाद चाइल्ड लाइन संस्था के पदाधिकारियों के हवाले कर दिया।
रेलवे पुलिस बल थाना प्रभारी संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि मंगलवार को आरपीएफ की टीम द्वारा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्मों पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर पांच पर गाड़ी संख्या 19019 देहरादून एक्सप्रेस के जनरल कोच से चार छोटे-छोटे बच्चे उतरे। आरपीएफ के कर्मियों ने उनके परिजनों की तलाश की। लेकिन वे नहीं मिल पाए तो सभी बच्चों को आरपीएफ थाने लाया गया। जहां उनसे पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान सभी बच्चों ने अपने को मुजफ्फरनगर के रहने वाला बताया। सभी बच्चे अलग-अलग परिवारों के रहने वाले निकले। बच्चों ने बताया कि वे घर से नाराज होकर ट्रेन में बैठ गए थे। संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि बच्चों की उम्र 12, 9, 8 और 7 साल है। उन्होंने सभी बच्चों को चाइल्ड लाइन संस्था के पदाधिकारियों के सुपुर्द कर दिया है। जिससे उनको उनके परिवारों के पास भिजवाया जा सके।