सहारनपुर। जिलाधिकारी पीके पांडेय ने कहा कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी यह भी सुनिश्चित करें कि कब्जा मुक्त कराई भूमि पर पुन: कब्जा ना हो। सभी उप जिलाधिकारी अपने क्षेत्रों में सरकारी स्कूलों की कृषि भूमि और ग्रामीण तालाबों पर कब्जा करने वाले भू-माफिया को चिह्नित कर उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि भूमाफिया के विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई जाए।
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स सहित अन्य विभागों की बैठक का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि तालाबों पर अस्थायी निर्माण को तत्काल ध्वस्त कराकर और तालाबों को गहरा खुदवाया जाए। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। हिंडन नदी क्षेत्र में जिन लोगों ने भूमि पर कब्जा कर रखा है उनके विरुद्ध प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करा कर जमीन को प्रशासन के कब्जे में लिया जाए। हिंडन नदी क्षेत्र की 250 बीघा भूमि को भूमाफिया के कब्जे से मुक्त कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि बार-बार भूमि पर कब्जा करने वालों के विरुद्ध संगीन धाराओं में अपराध पंजीकृत किया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि हर स्थिति में 28 फरवरी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर भूमाफिया के विरुद्ध होनी चाहिए। खाद्य सुरक्षा आपूर्ति विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने के लिए अभियान में और अधिक तेजी लाए। उन्होंने कहा कि हर तहसील स्तर पर अधिकारी मिलावटी खाद्य पदार्थों की सघन जांच अभियान चलातेे रहें। जिन दुकानदारों व ठेले वालों ने पंजीकरण नहीं कराया है उन्हें चिह्नित कर कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर पंचायतों व नगर पालिका परिषद के वार्डों को ओडीएफ कराया जाए। उन्होंने कहा कि लापरवाह अधिशासी अधिकारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि वे अपने क्षेत्र की निकायों का निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि एडीएम ई नानौता टाऊन एरिया का निरीक्षण कर रिपोर्ट पेश करें। उन्होंने तीतरों के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि शौचालय के फोटो यदि पोर्टल पर अपलोड नहीं हुए तो कार्रवाई के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि अभियान चलाकर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। अपर जिलाधिकारी प्रशासन एसके दूबे, डीएफओ विजय सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार सहित सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।