अभियान हुआ बेअसर, फिर सड़क पर सजीं दुकानें
सहारनपुर। नगर निगम ने शहर को अतिक्रमण से निजात दिलाने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया है। मगर पहले दिन ही अभियान की हवा निकल गई। दिल्ली रोड से अतिक्रमण हटाने के 24 घंटे बाद ही फिर से दुकानें सड़कों पर सज गईं।
बता दें कि नगर निगम की टीम ने बृहस्पतिवार को दिल्ली रोड पर हसनपुर चुंगी तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस कार्रवाई के अगले ही दिन शुक्रवार को दिल्ली रोड पर कई दुकानों का सामान सड़क पर नजर आया। इस अभियान में भी फल, सब्जी विक्रेताओं के साथ छोटे दुकानदारों तक ही कार्रवाई सीमित रही। लेकिन बड़े दुकानदारों को छोड़ दिया गया। हाल यह है कि रेत, बजरी से लेकर अन्य सामान से अतिक्रमण हो रहा है।
इसी रोड पर एक निजी अस्पताल की पूरी पार्किंग सड़क पर है। इसकी वजह से यहां अक्सर जाम रहता है। हैरान करने वाली बात यह है कि अतिक्रमण हटाने वाली टीम को यह भी नजर नहीं आया। शुक्रवार को कलक्ट्रेट तिराहे से हसनपुर चुंगी तक अतिक्रमण पूरी तरह बरकरार नजर आया।
बता दें कि कुछ ही दिन पहले महापौर संजीव वालिया और नगरायुक्त गौरव वर्मा ने व्यापारियों के साथ बैठक कर उन्हें अतिक्रमण हटाने के अभियान से अवगत कराया था। व्यापारियों ने मांग की थी कि यदि अतिक्रमण हटाया जाए तो फिर पूरी तरह हटाया जाए। यदि उसमें किसी तरह का भेदभाव बरता गया तो अभियान सफल नहीं होगा और व्यापारी इसका विरोध करेंगे। महापौर ने भी सड़कों को बिना भेदभाव के पूरी तरह अतिक्रमण से मुक्त करने की बात कही थी। मगर अभियान के पहले दिन ऐसा कुछ नजर नहीं आया।
----
बार-बार अतिक्रमण करने वालों पर लगेगा जुर्माना
जो लोग बार-बार सड़क पर अतिक्रमण कर रहे हैं। जल्द ही उन्हें चिह्नित कर उनसे जुर्माना वसूला जाएगा। अतिक्रमण हटाने में किसी तरह का भेदभाव किसी के साथ नहीं बरता जाएगा।
गौरव वर्मा, नगरायुक्त।