वैभव की मौत की जांच के लिए सड़कों पर उतरेंगे लोग
गंगोह (सहारनपुर)। इंजीनियरिंग के छात्र वैभव सैनी की संदिग्ध मौत की जांच और विधवा मां को न्याय दिलाने के लिए अब स्वयंसेवी संस्थाएं भी आंदोलन की रणनीति में जुट गई हैं। इन संस्थाओं के सहयोग से सर्वदलीय संघर्ष समिति ने सात जनवरी को कैंडल मार्च निकालकर पुलिस प्रशासन और शासन का ध्यान इस ओर ले जाने का निर्णय लिया है।
बता दें कि गंगोह निवासी बीटेक के छात्र वैभव सैनी की कथित रूप से गाजियाबाद में 18वीं मंजिल से गिरने से मौत हो गई थी। वहां की पुलिस ने मामले को आत्महत्या बताया था जबकि परिजन इसे हत्या बता रहे हैं। तहरीर देने के बावजूद आज तक रिपोर्ट दर्ज नही की गई है।
वैभव की मां अनीता के अनुसार पुत्र के शव को देखकर उसके ऊपर से गिरने का आभास नहीं हो रहा था, बल्कि लगता था कि उसकी अन्यत्र हत्या करने के बाद शव को वहां डाला गया था। इसके बावजूद पुलिस उनकी बात सुनने को ही तैयार नही है। इसके बाद उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ट्वीट कर न्याय की गुहार लगाई थी। भाजपा सांसद राघव लखनपाल शर्मा और गंगोह क्षेत्र के विधायक प्रदीप चौधरी ने भी प्रमुख गृह सचिव को पत्र लिखकर प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
इस मामले में अब सर्व दलीय संघर्ष समिति ने सर्वजन के सहयोग से सात जनवरी को कैंडल मार्च निकालने का निर्णय लिया है। अध्यक्ष नरेंद्र तायल की अध्यक्षता में नौशाद चौधरी के प्रतिष्ठान पर आहूत बैठक में आयोजन की जिम्मेदारियां सौंपी गई। संचालन श्रवण शर्मा ने किया। पूर्व प्रधानाचार्य बलबीर सिंह, डॉ. अमित गर्ग, हकिदायत करीम अंसारी, शशिकांत भगता, रविंद्र सैनी, डा. राकेश गर्ग, दीपांशु माहेश्वरी, गगन गर्ग, डा. वीर सिंह आदि रहे।