सहारनपुर। लंबित मांगों को लेकर नॉरदर्न रेलवे मेंस यूनियन से जुड़े रेल कर्मचारियों ने सोमवार को धरना और प्रदर्शन किया। समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने की स्थिति में आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
यूनियन से जुड़े तमाम कर्मचारी सोमवार को लोको रनिंग एंड मेकेनिकल की मेन शाखा के कार्यालय पर इकट्ठा हुआ। यहां से वह जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां मेन गेट पर धरना दिया। अध्यक्षता कर रहे अवतार सिंह ने कहा कि सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों का अभी तक लाभ नहीं मिला है। यदि समय रहते लाभ नहीं मिला तो संगठन आंदोलन की रणनीति बनाएगा। सचिव परमजीत सिंह ने कहा कि रनिंग कर्मचारियों की कम संख्या की वजह से मौजूदा कर्मचारियों को आराम नहीं मिल रहा है। काम का बोझ लगातार बढ़ रहा है और छुट्टियां बंद कर दी जा रही हैं। विनीत एस हैंब्रोम ने कहा कि कर्मचारियों पर लगातार काम का बोझ बढ़ रहा है। इसकी वजह से कर्मचारी स्ट्रेस में हैं। यदि समय रहते समस्याओं को दूर न किया गया तो यूनियन बड़ा आंदोलन करेगी। धरने में सुधीर कुमार, विनोद कुमार, दुष्यंत कुमार, पंकज कुमार, मुन्नालाल, वेदप्रकाश, कृष्ण कुमार, विशाल जोशी, योगेश कुमार, अकबर, रघुवीर, पवन, राकेश, महेशचंद, राजीव आदि मौजूद रहे।