मजलिस-ए-शूरा का सदस्य बनने पर मौलाना अंजर हुसैन का स्वागत
देवबंद (सहारनपुर)। मदरसा जामिया इल्हामिया अखतरुल मदारिस के कार्यक्रम में दारुल उलूम की मजलिस-ए-शूरा के सदस्य बनने पर मौलाना सैय्यद अंजर हुसैन मियां साहब का स्वागत किया गया।
इस दौरान मुख्य अतिथि दारुल उलूम के नायब मोहतमिम मौलाना अब्दुल खालिक संभली ने कहा कि सैय्यद अंजर हुसैन मियां साहब के खानदान का दारुल उलूम से बहुत पुराना रिश्ता है। हर जमाने में इस खानदान का कोई न कोई फर्द (व्यक्ति) दारुल उलूम से किसी न किसी तरह से जुड़ा रहा है। इस खानदान से मौलाना शाह अब्दुल्ला उर्फ मियां जी, सैय्यद अजहर हुसैन मियां साहब, मौलाना सैय्यद अख्तर हुसैन मियां साहब और मौलाना खलील मियां साहब ने दारुल उलूम में अपनी नि:स्वार्थ सेवाएं दी हैं। सैय्यद जामीन हुसैन मियां ने कहा कि सैय्यद अंजर हुसैन का दारुल उलूम की मजलिस-ए-शूरा का सदस्य नियुक्त होना पूरे मियां खानदान और देवबंद के लिए गर्व का विषय है। मिफताहुल उलूम के मौलाना रईस ने कहा कि मजलिस-ए-शूरा पूरे मुल्क में बड़ी अहमियत रखती है। कार्यक्रम में मौलाना अली असगर की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अध्यक्षता मौलाना अंजर हुसैन व संचालन मुफ्ती सैय्यद मो. ताहिर ने किया। इस मौके पर कारी साकिब, कारी रागिब, मो. तैय्यब, मो. साबिर, मो. दानिश, मौलाना रहमान आदि मौजूद रहे।