निकाय चुनाव : सभासद पद के 15 प्रत्याशियों ने लिए नाम वापस
देवबंद (सहारनपुर)। निकाय चुनाव को चल रही नामांकन प्रक्रिया में सोमवार को सभासद पद के 15 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र वापस लिए हैं। इस प्रकार अब अध्यक्ष पद के 13 और सभासद पद के लिए 185 प्रत्याशी मैदान में अपना भाग्य आजमाएंगे।
सोमवार को नाम वापसी होने के कारण सुबह से ही तहसील परिसर में प्रत्याशियों का जमावड़ा लगा रहा। वार्ड नंबर-1 से एक, वार्ड-10 और 11 से दो-दो, वार्ड-12 से चार, वार्ड-13 से एक तथा वार्ड-15 से तीन प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र वापस लिए हैं। जिसके चलते अब नगर के 25 वार्डों में अध्यक्ष पद के 13 तथा सभासद पद के 185 प्रत्याशी मैदान में रह गए हैं।
एसडीएम रामविलास यादव ने बताया कि मंगलवार को प्रमुख सियासी दलों के प्रत्याशियों को छोड़कर अन्य प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न का आवंटन कर दिया जाएगा। चुनाव चिंह वर्णमाला के हिसाब से ही आवंटित होंगे। जिन प्रत्याशियों के पास अपनी पार्टी का अधिकृत पत्र होगा उन्हें उन्हीं की पार्टियों के चुनाव चिंह दिए जाएंगे। भाजपा, बसपा, रालोद, आप और सपा के प्रत्याशियों ने तो चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया है। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ मतदाताओं की नब्ज टटोलने के लिए बाहर निकल पड़े हैं। घर-घर जाकर मतदाताओं को अपने पक्ष में करने लिए गोटियां फीट करनी शुरू कर दी गई।