सहारनपुर। शिक्षा मित्रों द्वारा मानदेय के विरोध में बुधवार को बीएसए कार्यालय के बाहर सड़क पर मुख्यमंत्री का पुतला फूंके जाने के मामले में जिलाध्यक्ष समेत पांच को नामजद करते हुए 17 लोगों के खिलाफ जनकपुरी थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
बुधवार को शिक्षामित्रों ने बीएसए कार्यालय पर दिए जा रहे धरने के बाद बाहर सड़क पर पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला फूंका था और नारेबाजी की गई थी। अधिकारियों के आदेश पर दरोगा सुभाष चंद ने संयुक्त प्रांत विशेष सख्ती अधिनियम की धारा 6 के तहत 17 शिक्षा मित्रों के खिलाफ थाना जनकपुरी में एफआईआर दर्ज कराई है। जिसमें शिक्षा मित्र जिलाध्यक्ष अंजू कश्यप, नरेश कुमार, संजय शर्मा, सुशील कुमार तथा शराफत अली को नामजद किया गया है, जबकि 12 अज्ञात लोगों को एफआईआर में शामिल किया गया है।