वन महोत्सव में कई प्रजाति के पौधे लगाए
चिलकाना (सहारनपुर)। एयरफोर्स वाइफ वेलफेयर एसोसिएशन (अफवा) और वन विभाग के तत्वाधान में वन महोत्सव मनाया गया तथा विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गये। मंगलवार को ग्राम पटनी में सहारनपुर रोड़ पर पौधरोपण कार्यक्रम में अफवा की प्रेजीडेंट शालिनी चौधरी ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा तथा प्रदूषण को रोकने का एकमात्र उपाय अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाना ही है।
उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण से अनेक गंभीर बीमारियां बढ़ रही हैं। इस कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। अफवा का प्रयास है कि जनपद के अलग-अलग क्षेत्रों में पेड़ लगाए जाएं और आम जनता को पेड़ों के महत्व के बारे में जानकारी दी जाए।
वन क्षेत्राधिकारी, नकुड हरज्ञान सिंह ने कहा कि छायादार, इमारती लकड़ी के लिए उपयोगी और औषधीय पौधों को लगाया जा रहा है ताकि इन पौधों का लाभ लोगों को मिल सके। पीपल, शीशम, कदम, चकेरिया, पिलखन, जामुन आदि के पेड़ लगाये गये है। इस दौरान अफवा की सेक्रेट्री तथा स्क्वाड्रन लीडर सुनैयना, जेडब्लूओ इस्माइल, ऋचा भोला, सोनाली बत्रा, वन दरोगा उमेश चंद, प्रवेश कुमार, वन रक्षक महेंद्र सिंह, योगेश सहित गांव प्रधान तेजपाल, डा. कुलदीप, अमित शर्मा, सुनील सैनी, शादीराम सैनी आदि थे।