जीएसटी लागू होते ही बाजार से गायब हो गए ऑफर
सहारनपुर। जीएसटी की आहट के साथ ही बाजार में ऑफर की भरमार आ गई थी। मगर, एक जुलाई को जीएसटी लागू होने के साथ ही बाजार से ऑफर पूरी तरह से गायब हो गए। बचे हुए स्टॉक की लिस्टिंग कर अब व्यापारी नए निर्धारित कर के साथ उसे बाजार में उतारेंगे। हालांकि जीएसटी लागू होने के बाद शुरूआती दिनों में कालाबाजारी भी आशंका जताई जा रही है। जानकारों का मानना है कि इसका पूरी तरह से प्रभाव आने मे 6 माह से 1 साल तक लग सकते है और शुरु मे कालाबाजारी के वजह से कीमतें बढ़ सकती है।
जीएसटी के चलते सहारनपुर में कन्ज्यूमर ड्यूरेबल आइटम्स पर जीएसटी में कोई राहत नहीं मिलने वाली। अभी इन सामानों पर 25 से 26 प्रतिशत टैक्स लगता है जबकि जीएसटी में 2 प्रतिशत ज्यादा टैक्स देना होगा। हालांकि पिछले 15 दिनों से बाजार में स्टाक क्लीयरिंग के लिए लंबे समय से सेल की धूम मची थी। मगर, शनिवार को ज्यादातर जगहों से ऑफर के बोर्ड गायब हो गए। नई व्यवस्था में सिनेमा, थिएटर, केबल और डीटीएच सर्विस सस्ते हो गए हैं। क्योंकि इन पर अधिकतम 18 प्रतिशत जीएसटी लगेगा जो अभी राज्य सरकारों की ओर से लगाए जा रहे एंटरटेनमेंट टैक्स से कम ही होगा। इसके अलावा जीएसटी में दवाइयों की कीमतें भी घट गई है। मगर, ज्यादातर कीमत कम होने वाली दवाएं बाजार में उपलब्ध नहीं है। कारण, ज्यादा कीमत के चलते व्यापारी इनकी खरीद से बच रहे थे।