सरसावा (सहारनपुर)। नागरिक सुरक्षा कोर के तत्वाधान में लगे चिकित्सा कैंप में पिलखनी डिस्टलरी के कर्मचारियों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। जिसमें कर्मचारियों के विभिन्न टेस्ट भी किए तथा राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत दवाओं का वितरण किया गया।
शुक्रवार को अंबाला रोड स्थित पिलखनी डिस्टलरी एंड केमिकल वर्क्स में एक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। नागरिक सुरक्षा कोर यूनिट सरसावा के तत्वाधान में आयोजित कैंप का उद्घाटन कोर के जिला उपनियंत्रक शिवराज सिंह एवं डिस्टलरी के एमडी संजय लांबा ने संयुक्त रूप से किया। शिविर में डिस्टलरी के कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच के अलावा ब्लड शुगर, एचआईवी तथा आंखों की जांच भी की गई। सीएचसी अधीक्षक डाक्टर राजेश ने कहा कि बीमारी की सही जांच बेहद जरूरी है। जिसके बाद ही इलाज कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि डॉक्टर की सलाह लिए बिना कभी दवा नहीं लेनी चाहिए, इससे अन्य बीमारी होने की संभावना बन जाती है। शिविर में 171 कर्मचारियों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया तथा नेशनल टोबैको कंट्रोल प्रोग्राम के तहत दवाओं का वितरण भी किया गया।
इस मौके पर डिस्टलरी के एमडी संजय लांबा ने नागरिक सुरक्षा कोर सरसावा यूनिट के कार्यों की सराहना की। कोर के जिला उपनियंत्रक शिवराज सिंह ने कहा कि कोर के सामाजिक कार्यों का दायरा लगातार बढ़ रहा है। इस मौके पर वरिष्ठ वार्डन अवतार सिंह, देशबंधु शर्मा, दिनेश गुप्ता ने भी विचार रखे। डिस्टलरी के निदेशक अमरदीप सिंह, कोर के सहायक उपनियंत्रक चंद्रबोस राणा, पीयूष शर्मा, नेत्र रोग विशेषज्ञ डाक्टर डीपी सिंह, डाक्टर नितिन सिंह, डाक्टर कोमल सैनी, डाक्टर बुशरा अंसारी, राकेश वत्स, सुरेंद्र कुमार, दिग्विजय नाथ, सतीश कुमार मौजूद रहे।