सरसावा (सहारनपुर)। पवित्र रमजान माह को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों ने बिजली, पानी और सफाई की व्यवस्था बेहतर करने एवं प्रतिबंधित आवारा पशुओं को बाड़े में रखने की मांग की।
थाना सरसावा के परिसर में नगर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। वक्फ कमेटी के सदर राव सईद व हाजी मसूद ने कहा कि रमजान का मुकद्दस माह मुस्लिम समाज के लिए विशेष महत्व रखता है। इस माह में मुस्लिम समाज के लोग हर समय खुदा की इबादत करते हैं। प्रात:काल सहरी के समय अंधेरा होता है, जिससे बिजली चली जाने पर दिक्कत होती है। शाम को रोजा इफ्तारी के पश्चात रात्री में मस्जिदों में नमाज के बाद तरावीह पढ़ी जाती है। इसलिए पर्याप्त रोशनी की आवश्यकता है। साथ ही सहरी और रोजा इफ्तारी के समय पानी की आवश्यकता अधिक होती है। इसके साथ ही सफाई व्यवस्था पूरे नगर की जरूरत है। उन्होंने सभी व्यवस्थाओं को बेहतर करने और प्रतिबंधित आवारा पशुओं को बाड़े में बंद कर रखने की मांग की। नगर पालिका अधिशासी अधिकारी राजीव कुमार और विद्युत निगम के अधिकारियों ने व्यवस्थाओं के सुचारु रहने का भरोसा दिलाया। थाना सरसावा प्रभारी सुदेश कुमार ने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस को जनसहयोग की आवश्यकता है। उन्होंने नागरिक सुरक्षा कोर के वार्डनों से पूर्व भांति व्यवस्था में सहयोग देने की अपील की। वरिष्ठ वार्डन सरदार अवतार सिंह ने सहयोग देने का भरोसा दिलाया। इस दौरान दिनेश गुप्ता, नरेश चंद जैन, जसरथ राणा, ओमप्रकाश चौधरी सांपला, देशबंधु शर्मा, संजय शर्मा, नेहा राणा, डाक्टर देवेंद्र कौशिक, दिनेश राणा, रणदीप सिंह, सोमनाथ फौजी, बच्चू सिंह यादव, सुरेंद्र कुमार, तेजपाल सिंह, दाताराम मौजूद रहे।