सहारनपुर। यूपी बोर्ड की दसवीं और 12वीं की कॉपियों का मूल्यांकन समाप्ति की ओर है। एक केंद्र पर मूल्यांकन निपटा लिया गया है, जबकि शेष केंद्रों पर संभवत: दो दिन में मूल्यांकन पूरा हो जाएगा। परिषद की ओर से 28 मार्च तक का समय परीक्षकों को दिया गया था, मगर जनपद में परीक्षकों से कार्य में तेजी लाते हुए समय से पहले काम निपटा लिया है।
कॉपियों के मूल्यांकन के लिए नगर के चार कॉलेजों को केंद्र बनाया गया है। इनमें राजकीय इंटर कॉलेज नेहरू मार्केट, एसएएम इंटर कॉलेज, बीडी बाजोरिया इंटर कॉलेज और जेवी जैन इंटर कॉलेज शामिल हैं। राजकीय इंटर कॉलेज में 12वीं की कॉपियां जांची जा रही हैं। यहां शुक्रवार को मूल्यांकन निपटा लिया गया। शाम तक पेपर भी जमा करा दिए गए। एसएएम इंटर कॉलेज में दसवीं का मूल्यांकन चल रहा है। शुक्रवार तक ज्यादातर मूल्यांकन निपटा लिया गया। केवल विज्ञान और कंप्यूटर विषय की कुछ कॉपियां शेष बची हैं, जिनका मूल्यांकन दो दिन में पूर्ण होने की उम्मीद है। इस केंद्र पर अंकेक्षण का कार्य भी पूर्ण हो गया है। बीडी बाजोरिया इंटर कॉलेज में भी मूल्यांकन 85 फीसदी के करीब हो गया है। 28 से पहले मूल्यांकन पूर्ण होने की बात कही गई है। उधर, जेवी जैन इंटर कॉलेज में भी मुश्किल से एक दिन का मूल्यांकन बचा है। अंकेक्षण आदि का कार्य पूरा कर लिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरुण कुमार दूबे ने मूल्यांकन के समय से निपटा लिए जाने के लिए मूल्यांकन में लगे उप प्रमुखों और परीक्षकों को बधाई दी।