गो रक्षक सुमित के परिवार के साथ सौतेला व्यवहार न करे सरकार : विकास
देवबंद (सहारनपुर)। हिंदू वादी स्वाभिमान संघर्ष समिति के संयोजक विकास त्यागी ने बुलंदशहर की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने प्रदेश सरकार से घटना में मारे गए गोरक्षक सुमित के परिवार को भी आर्थिक सहायता मुहैया करवाने की मांग की है।
शुक्रवार को समिति की बैठक में विकास त्यागी ने कहा कि जितनी धनराशि सरकार ने मृतक इंस्पेक्टर के परिवार को दी है उतनी की धनराशि गोरक्षक सुमित के परिवार को भी दी जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्व की सपा सरकार ने गो रक्षक अखलाक के परिवार को करोड़ों रुपया दिया था। तब गोरक्षक सुमित के परिवार के साथ ऐसा सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है। आरोप लगाया कि देवबंद क्षेत्र में भी गोवंश का कटान बड़े पैमाने पर हो रहा है। गोरक्षा के लिए हिंदू संगठन सड़क पर उतरेगा। अध्यक्षता कर रहे परविंदर पंवार ने कहा कि बुलंदशहर की घटना की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन को गोहत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। इस घटना में पुलिस किसी भी निर्दोष व्यक्ति को जेल न भेजे। संचालन डा. अमित चौधरी ने किया। इस मौके पर हरीश शर्मा, पवन प्रधान, विपिन गर्ग, राजकृष्ण प्रधान, कुलदीप सैनी, अभिनव कौशिक, संजीव चौधरी और सुशील कुमार आदि रहे।