सहारनपुर। यातायात माह में पुलिस लोगों को जागरूक कर रही है, ताकि यातायात नियमों का पालन हो और हादसों पर अंकुश लग सके। बावजूद इसके लापरवाही बरती जा रही हैं और हादसों में लोगों की जान जा रही हैं। दो दिन के भीतर जिले में आठ दुर्घटनाओं में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यातायात पुलिस द्वारा नवंबर को यातायात माह के रूप में मनाया जा रहा है। लोगों को जागरूक करने के लिए नुक्कड़ नाटक किए जा रहे हैं, पंफलेट्स बांटे जा रहे हैं, चालन किए जा रहे हैं और वाहन भी सीज किए जा रहे हैं। यहां तक कि स्कूलों में कार्यक्रमों का आयोजन कर बच्चों से लेकर बड़ों को भी यातायात के नियम बताए जा रहे हैं। यातायात आंकड़ों के अनुसार जिले भर में रोजाना औसतन दो सौ वाहनों के चालान काटने, सीज करने की कार्रवाई की जा रही है। शहर में 80 से 100 वाहनों पर कार्रवाई हो रही है। शहर में रोजाना औसतन बीस से तीस हजार रुपये जुर्माना के रूप में वसूल किए जा रहे हैं, जबकि जिले भर से लगभग 80 हजार रुपये प्रतिदिन जुर्माना वसूल किया जा रहा है। अक्तूबर में शहर में ही 842 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। फिर भी लोग यातायात के नियमों की अनदेखी कर अपनी जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं।
-- दो दिन में हो गई नौ लोगों की मौत
सोमवार को बाइक सवार देवबंद के गांव खेड़ा मुगल निवासी विकास कुमार, नागल के गांव सरकड़ी निवासी मोनू की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। सहारनपुर-मुजफ्फरनगर हाईवे पर अनियंत्रित रोडवेज बस ने गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी। जिसमें बुग्गी चालक साखन गांव निवासी अरविंद की मौत हो गई। ग्राम कुराली के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से उत्तम शुगर मिल बिजनौर में काम करने वाले अंकुर की मौत हो गई।
रविवार को नागल के पनियाली कासिमपुर निवासी शंटी और पुरकाजी निवासी गुलाब की कासिमपुर के निकट ही सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। देवबंद-नानौता मार्ग पर ग्राम दल्हेड़ी निवासी सतवीर सिंह तथा ग्राम पांडुखेड़ी निवासी वेदप्रकाश सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। मल्हीपुर रोड पर जंधेड़ी की म्हाड़ी के पास तीव्र मोड़ पर सड़क दुर्घटना में ग्राम मवी खुर्द निवासी संदीप की मौत हो गई।
--------------
-- सहारनपुर में चिह्नित हैं ब्लैक स्पॉट
यातायात पुलिस द्वारा जिले में विभिन्न स्थानों पर नौ ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए हैं। जिनमें कलसिया, टपरी, रामपुर मनिहारन, नानौता, देवबंद, टाउन एरिया नागल, नागल, रामपुर तथा गंदेवड़ तिराहा शामिल हैं। ब्लैक स्पॉट में सबसे अधिक दुर्घटनाएं देवबंद में घटित हो रहीं हैं।
--------------
-- सावधनी बरतें तो बचेंगे दुर्घटनाओं से
एसपी यातायात विनीत भटनागर का कहना है कि सावधानी न होने से ही दुर्घटनाएं घटित हो रहीं हैं। यातायात पुलिस लोगों को लगातार जागरूक कर रही है। जुर्माना लगा रही हे, वाहनों को सीज भी कर रही है। लोग जागरूक भी हो रहे हैं। लेकिन असावधानी ही दुर्घटना का कारण बन रही है। अनियंत्रित तेज गति से वाहन चलाना दुर्घटना का कारण और हेलमेट न पहनना मौत का कारण बन रहा है। लोगों को अपनी सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनना होगा और वाहनों की गति नियंत्रित रखनी होगी।
------------------
37 ऑटो का चालान किया
सहारनपुर। मंगलवार को यातायात पुलिस द्वारा यातायात माह के दौरान अधिक सवारी बैठाकर चलने वाले ऑटो रिक्शा के विरुद्ध अभियान चलाया गया। यातायात उप निरीक्षक तेज प्रताप सिंह एवं उनकी टीम द्वारा अधिक सवारी बैठाकर चला रहे आटो के खिलाफ कार्रवाई की गई। मंगलवार शाम तक 37 ऑटो के चालान किए गए और उनसे 32200 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया।