सर्वे के नाम पर ठगी नहीं कर पाएंगे शातिर
सहारनपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में पात्रों के चयन और सर्वे करने के नाम पर ठगी करने वालों की अब आसानी से पहचान हो जाएगी। जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) ने निर्णय लिया है कि सर्वे कार्य को करने वाले लोग अपना परिचय पत्र गले में डालकर ही सर्वे करने जाएंगे। यदि कोई व्यक्ति बगैर परिचय पत्र के सर्वे करेगा, तो उसे फर्जी माना जाएगा।
दरअसल, प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर भोले भाले लोगों को झांसा देकर योजना का लाभ दिलाने के नाम पर ठगी करने के कई मामले सामने आते रहे हैं। जिला नगरीय विकास अभिकरण के अधिकारियों के समक्ष भी इसकी शिकायतें पहुंचती रही हैं। कभी आवास योजना की डीपीआर तैयार करने तो कभी योजना की किश्त खाते में डलवाने के नाम पर भी ठगी की कोशिश होती रहीं। ऐसी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला नगरीय विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक आरपी सिंह ने सर्वे कार्य करने में लगी टीम के सभी सदस्यों को परिचय पत्र पहनकर सर्वे करने जाने का निर्देश दिया। इस पर अमल शुरू हो गया है और सर्वे कार्य करने वाले लोगों को परिचय पत्र जारी कर दिए गए हैं।
नए सर्वे में 4588 लोगों के नाम
जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लिए पूर्व में 2531 लोगों के आवास बनवाए जा रहे हैं, जिनमें से 1057 लोगों को दूसरी किश्त भी जारी हो चुकी है। वहीं, नए सर्वे में 4588 लोगों के नाम सामने आए हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलना है।
प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए स्पेश कंबाइन कंपनी सर्वे करा रही है। जिले में सर्वे कार्य के लिए 21 लोग लगाए हुए हैं। सर्वे के नाम पर ठगी करने की शिकायतें दूर करने और असली टीम की पहचान के लिहाज से ही परिचय पत्र जारी कराए गए हैं। नागरिकों से अपील है कि अवैध रूप से सर्वे को पहुंचने वालों के बारे में तत्काल सूचना दें, ताकि ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई कराई जा सके। --- आरपी सिंह, परियोजना निदेशक, डूडा।