बिजली विभाग ने की छापेमारी, पांच पर एफआईआर
सहारनपुर। विद्युत निगम की टीम ने जैन बाग बिजलीघर से जुड़े चार मोहल्लों में छापामार कार्रवाई कर पांच लोगों के यहां बिजली की चोरी पकड़ी। इसके अलावा बकाया बिल जमा न करने पर 121 लोगों के कनेक्शन काटे गए। जिनसे लगभग 15 लाख रुपये की वसूली की गई।
शनिवार को विद्युत निगम की टीम ने जैनबाग बिजलीघर से जुड़े मोहल्ला सम्राट विक्रम कालोनी, झोटेवाला, निसार रोड, चांद कालोनी में छापामार कार्रवाई की। टीम द्वारा 280 कनेक्शन की चेकिंग की गई। जिनमें से पांच लोगों के यहां बिजली की चोरी पकड़ी गई। पांचों मीटरों में छेड़छाड़ पकड़ी गई। जिसके लिए 27.90 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। पांचों के कनेक्शन काट कर एफआईआर दर्ज कराई गई। इसके अलावा टीम ने बिल का बकाया न जमा किए जाने पर 121 लोगों के कनेक्शन काटे। जिनसे 14.74 लाख रुपये वसूल किए गए। अधीक्षण अभियंता रविंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि लगातार छापामार कार्रवाई की जा रही है। फिर भी कुछ लोग बिजली चोरी करने से नहीं कतराते हैं। उन्होंने बताया कि बकाएदारों के खिलाफ भी अभियान चलाया जा रहा है।