फिर वायरल की गई तनावपूर्ण पोस्ट
गंगोह (सहारनपुर)। कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से बार-बार सांप्रदायिक तनाव पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। अब ऐसा ही एक और वीडियो व्हाट्स एप पर वायरल हो रहा है, जिसमें चार युवकों द्वारा बेहद अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए हिंदू देवी-देवताओं, गोमाता के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अपमान किया गया है। इसे लेकर हिंदू समाज और संगठनों में रोष व्याप्त है।
भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपाइयों के प्रतिनिधिमंडल ने सीओ से मिलकर तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल में पीसी सैनी, रविंद्र धीमान, सुरेंद्र सैन, विजय भारती, सुमित कुमार, रविंद्र बटार, विनोद बंसल, सुंदर लाल, राजेश नायक, सचिन कुमार, अंकित गर्ग आदि शामिल रहे। बता दें कि करीब एक सप्ताह पूर्व भी इसी प्रकार के मामले को लेकर योगेश रोहिला द्वारा अज्ञात युवकों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस उक्त मामले की भी जांच कर रही है। सीओ राजेंद्र सिंह एवं कोतवाली निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने उन्हें जांच कर कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया है।