लगातार बारिश से जन जीवन प्रभावित
सहारनपुर। लगातार हो रही बारिश शनिवार को भी जारी रही। झमाझम बारिश के कारण शहर भर की सड़कें जलमग्न नजर आईं। बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। बाजारों में
ग्राहकों के न पहुंचने की वजह से सन्नाटे जैसे हालात हैं। उधर, किसानों और गर्मी से परेशान लोगों को जरूर राहत मिली है।
जिले में बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे बारिश शुरू हुई, जो रुकने का नाम ही नहीं ले रही है। बारिश हल्की तो हो रही है, मगर बंद नहीं हो रही है। बारिश के लगातार होने की वजह से शहर की अनेक कॉलोनियों में जलभराव की समस्या बनी हुई है। न्यू नंदपुरी कॉलोनी, लिंकरोड, माधोनगर, गढ़ी मलूक, नूर बस्ती, हसनपुर, ओजपुरा, नवीननगर, अहमद बाग, साहिब जी नगर, बापूजी नगर, जेजेपुरम, लेबर कॉलोनी आदि में भारी जलभराव रहा। कलक्ट्रेट, पुलिस लाइन, ऑफिसर कॉलोनी में भी भारी जलभराव से लोग परेशान रहे। पांवधोई और ढमोला नदी में जल स्तर के लगातार बढ़ने से संबंधित कॉलोनियों के लोग टेंशन में हैं। बारिश की वजह से बाजारों में कम ही ग्राहक पहुंच रह रहे हैं। इससे कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। रेहड़ी और रिक्शा चालकों का भी धंधा मंदा रहा। उधर, किसानों के चेहरे खिले हुए हैं क्योंकि धान और गन्ने की फसल के लिए यह बारिश अमृत बनकर बरस रही है। गर्मी से परेशान लोगों ने भी राहत की सांस ली है। शनिवार को न्यूनतम तापमान 24 और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहा।