देवबंद (सहारनपुर)। हिंदूवादी स्वाभिमान संघर्ष समिति के आंदोलन के बाद सड़क निर्माण कर रही कंपनी बैकफुट पर आ गई है। शासन के निर्देश पर सोमवार को उपसा व एपको कंपनी के अधिकारियों ने क्षेत्रीय विधायक की उपस्थिति में समिति पदाधिकारियों से बातचीत की। अधिकारियों ने सड़क चौड़ीकरण के लिए सर्विस रोड के बीच में आने वाले विवादित स्थलों पर सुझाव मांगे हैं।
पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पर वार्ता दौरान उपसा के सीईओ अवनीश कुमार अवस्थी ने फ्लाईओवर के नीचे बन रही सर्विस रोड को 7 मीटर और बढ़ाने का स्टीमेट बनाने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान सर्विस रोड पर पौधे रोपित कर लोहे की एंगल लगाने, नालों को सड़क के लेबल में करने, सड़कों की चौड़ाई बढ़ाने, विवादित स्थानों का मामला सुलझाकर दोनों तरफ की सड़क बनाने पर भी चर्चा की गई। विधायक ब्रिजेश सिंह ने कहा कि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसलिए सरकार ने सड़क चौड़ीकरण के आदेश दिए हैं। इस मौके पर संघर्ष समिति संयोजक विकास त्यागी, कुलदीप सैनी, पंकज त्यागी, चौ. श्याम सिंह, डा. उपेंद्र सिंह, शिवकुमार राणा, अमित त्यागी, जितेंद्र राणा, अशोक गुप्ता, राजीव गुप्ता आदि रहे।