अवैध खनन रोकने के लिए चलेगा संयुक्त अभियान
सहारनपुर। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि अवैध खनन रोकने के लिए हरियाणा और प्रदेश के अधिकारियों को संयुक्त अभियान चलाना होगा। यमुना नदी के किनारे पर अवैध खनन को रोकने के लिए संयुक्त कार्रवाई के साथ ही इसकी सूचना आपस में दी जानी चाहिए। उन्होंने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ भी सघन अभियान चलाने पर जोर दिया।
शनिवार को दिल्ली रोड स्थित सभागार में हरियाणा के यमुनानगर के उपायुक्त के साथ जिलाधिकारी और तहसील स्तरीय टॉस्क फोर्स की बैठक का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि यमुना नदी में अवैध खनन को रोकने के लिए हरियाणा के यमुनानगर और सहारनपुर जनपद के तहसील स्तर से उपजिलाधिकारी यमुना नदी क्षेत्र में अवैध खनन के संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर आपस में समन्वय स्थापित करेंगे। दोनों जनपदों के परिवहन विभाग के अधिकारियों द्वारा ओवरलोड वाहनों खिलाफ भी अभियान चलाया जाएगा।
यमुनानगर के उपायुक्त गिरीश अरोड़ा ने जानकारियां साझा करने पर सहमति जताते हुए कहा कि ऐसा होने से अवैध खनन माफिया पर कठोर कार्यवाही संभव हो सकेगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा राज्य स्तर से भी अवैध खनन रोकने के लिए हरसंभव मदद की जाएगी। बैठक में दोनों राज्यों के अधिकारियों ने अवैध खनन पर रोक लगाने पर सहमति व्यक्त करते हुए संयुक्त अभियान चलाये जाने का निर्णय लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर उपेन्द्र अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यमुना नगर राजेश कालिया,अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार, उपजिलाधिकारी युवराज सिंह, एवं संगीता, पुलिस अधीक्षक नगर प्रबल प्रताप सिंह, खान अधिकारी पंकज कुमार सिंह , क्षेत्रीय प्रदूषण अधिकारी एसआर मौर्य, एआरटीओ राम प्रकाश मिश्रा, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता संजीव वर्मा, यमुनानगर के उपजिलाधिकारी नवीन आहूजा, बी.वी.कौशिक, उप पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र कुमार, खान अधिकारी गुरजीत सिंह, जिला राजस्व अधिकारी हरिओम विश्नोई परिवहन निरीक्षक बलजीत सिंह आदि रहे।