देहरादून चौक का नाम पटेल चौक करने की मांग
सहारनपुर। देहरादून चौक का नाम पूर्व उपप्रधानमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल के नाम पर रखने सहित अन्य मांगों को लेकर अखिल भारतीय गुर्जर महासभा ने महापौर संजीव वालिया को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने वहां सड़क के एक किनारे पर लगी लौहपुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा को चौराहे के बीच में स्थापित करने की मांग की है।
शुक्रवार को महापौर को सौंपे ज्ञापन में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा ने कहा कि लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल ने आजादी के संघर्ष से लेकर स्वतंत्रता के बाद देश को एकसूत्र में पिरोने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी। उनके प्रयासों से ही आजादी के बाद 562 रियासतों का विलय देश में हो सका था। उन्होंने कहा कि देहरादून चौक पर सड़क के एक किनारे पर लौहपुरूष की प्रतिमा रखी गई है। इसे बेहतर रूप देने की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। महापौर को सौंपे ज्ञापन में गुर्जर महासभा ने देहरादून चौक का नाम पटेल चौक करने, उनकी प्रतिमा को चौक के बीच में स्थापित करने और दिल्ली रोड के बलियाखेडी ब्लाक के सामने स्थित सरोवर का स्वरूप संवारने और उसका नामकरण पूर्व मंत्री चौधरी यशपाल सिंह के नाम पर करने की मांग की। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वीरेंद्र गुर्जर, विपुल पंवार, ओमपाल सिंह, नितिन पंवार, विकास अहमदपुर, गौतम सिंह, राहुल चौधरी, ओमी पंवार, परिक्षित वर्मा, रघुराज सिंह बोबी, देवेंद्र चौहान, वीरेंद्र तोमर, रणसिंह पोसवाल आदि रहे।