सहारनपुर। जेवी जैन इंटर कालेज के प्रबंधक कुलभूषण जैन ने कहा कि अल्पसंख्यक विद्यालयों में चल रही शिक्षक भर्ती में प्रदेश सरकार संविधान की धारा 30 के द्वारा दिए गए अधिकारों का हनन कर रही है। वह बृहस्पतिवार को गुरु नानक इंटर कॉलेज में आयोजित अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थाओं के प्रबंधकों और पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संविधान में अनाधिकृत रूप से छेड़छाड़ कर अल्पसंख्यक संस्थाओं के अधिकारों से खिलवाड़ कर रही है। जिसे लेकर संस्थाध्यक्षों और पदाधिकारियों में रोष है। अध्यक्षता कर रहे सरदार जसबीर सिंह बग्गा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने 12 मार्च 2018 के शासनादेश को वापस नहीं लिया तो अल्पसंख्यक समुदाय भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने को मजबूर होगा। बैठक में रघुबीर सिंह, हरेंद्र सिंह चड्ढा, सतविंदर सिंह माकन, अनवार अहमद, चमनलाल जैन समेत अनेक प्रबंधक मौजूद रहे।
शिक्षकों की काउंसिलिंग 18 अप्रैल को
सहारनपुर। परिषदीय अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती के लिए दूसरी काउंसिलिंग 18 अप्रैल को होगी। काउंसिलिंग नुमाइश कैंप स्थित यूआरसी पर सुबह दस बजे से होगी। बीएसए रमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि ऐसे शिक्षक जो अंग्रेजी माध्यम से चयनित नहीं हुए हैं। उनकी उसी विकास क्षेत्र में स्थित स्कूलों में पद स्थापना/स्कूल आवंटन करने के लिए जिला चयन समिति अध्यक्ष/डायट प्राचार्य ने काउंसिलिंग कराने का निर्णय लिया है। उन्होंने संबंधित शिक्षकों को काउंसिलिंग में उपस्थित रहने को कहा है।