बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। ग्राम जानीपुर में भीम आर्मी संस्थापक चंद्रशेखर उर्फ रावण की रिहाई के लिए भूख हड़ताल पर बैठे भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने पांचवें दिन साफ कहा कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती तब तक उनका अनशन जारी रहेगा। अनशन के दौरान बृहस्पतिवार को एक युवती बेहोश हो गई, हालांकि बाद में उसे होश आ गया। अनशनकारियों का आरोप है कि प्रशासन उनके आंदोलन को कमजोर करने के लिए जान बूझ कर अनदेखी कर रहा है। भीम आर्मी के बेहट विधान सभा क्षेत्र प्रवक्ता सन्नी गौतम ने बताया कि पिछले पांच दिनों से जानीपुर में चल रही भूख हड़ताल को आज मुस्लिम समाज के दो युवकों माहीर खान व अनीश अहमद ने भी समर्थन का ऐलान किया। अनशन पर बैठे प्रदीप खोदनाल, मिन्टू गौतम, राजकुमार और मिथलेश आदि ने साफ किया कि वे रावण की रिहाई तक अपना आंदोलन जारी रखेंगे।