अंबेहटा (सहारनपुर)। शिवसेना की बैठक में बढ़ती जनसंख्या पर चिंता जताते हुए प्रदेश सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया गया। उन्होंने नोटबंदी की बजाए नसबंदी की जरूरत बताई।
बुधवार को नकुड़ रोड स्थित सिरोही धर्म कांटे पर हुई शिवसेना की बैठक में प्रदेश उप प्रमुख योगेंद्र सिरोही ने कहा कि जनपद में गोकशी व खनन चरम सीमा पर चल रहा है। पुलिस कार्रवाई के नाम पर केवल लीपापोती कर रही है जिससे जनता का कोई भला होने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि वाहन चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। भ्रष्टाचार खत्म करने का ढिंढोरा पीटने वाली भाजपा के राज में पूर्व सरकारों की तरह का ही भ्रष्टाचार फैला है। योगेंद्र सिरोही ने कहा कि प्रदेश में केवल सत्ता परिवर्तन हुआ है न कि व्यवस्था परिवर्तन। कहा कि देश में नोटबंदी से ज्यादा नसबंदी की जरूरत है। जिस पर सरकार को ध्यान देने की जरूरत है।
बैठक में युवा सेना जिला प्रमुख नीरज रोहिला, राजू सिरोही, पप्पू चौधरी, अवनीश चौधरी, नकली राम, शिव कुमार जोशी, प्रदीप सैनी, ओमपाल शर्मा, मित्रपाल, अजय आर्य, रजनीश काम्बोज, बेहट तहसील प्रमुख सत्यवीर आर्य, माधोराम, राजेंद्र सिरोही, हरपाल सिंह आदि शिव सैनिक उपस्थित रहे।