खुले में शौच से होने वाली बीमारियों के प्रति करें जागरूक
सहारनपुर। जिलाधिकारी पीके पांडेय ने जिले की छह नगर पंचायतों और चार नगर पालिकाओं के अध्यक्षों की बैठक लेकर कहा कि खुले में शौच करने से होने वाली बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाए। 31 मार्च तक जनपद को ओडीएफ घोषित कराने में प्रशासन का सहयोग करें।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि जिन घरों में शौचालय नहीं बना है, उन्हें चिह्नित कराकर शौचालय बनवाए जाने के लिए प्रेरित करें। सभी अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई व कूड़ा निस्तारण का विशेष ध्यान रखें। नगरीय निकाय क्षेत्रों में घरों से कूड़ा उठवाने की व्यवस्था की जाए। सबका प्रयास होना चाहिए कि जनपद 31 मार्च तक ओडीएफ घोषित किया जाए। खुले में शौच को पूर्ण रूप से बंद कराएं। इसके लिए सख्त कदम भी उठाएं। नागरिकों को बताया जाए कि खुले में शौच से विभिन्न बीमारियां पैदा होती हैं। खुले में शौच करना मनुष्य की गरिमा और सुरक्षा के लिए भी ठीक नहीं है। इस मौके पर स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपद की समिति बनाई गई। डीएम ने कूड़ा प्रबंधन के लिए जमीन की व्यवस्था कराने के लिए कहा। देवबंद नगर पालिका अध्यक्ष जियाउद्दीन अंसारी, सरसावा से बिजेंद्र मोंगा, नकुड़ से शाहनवाज व बेहट से अब्दुलरर्हमान सहित सभी नगर पंचायत अध्यक्ष मौजूद रहे।