सहारनपुर। डीएम पीके पांडेय ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी व कर्मचारी अपनी कार्यशैली में बदलाव लाएं। वे सड़कों पर खड़े ना रहकर यातायात व्यवस्था को सही करें। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर वाहनों व अन्य कारणों से अतिक्रमण हो रहा है। ऐसे स्थानों को चिह्नित कर अतिक्रमण मुक्त कराया जाए। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि जिन नगर निगम कर्मियों के द्वारा ई-रिक्शा के पंजीकरण के संबंध में कार्रवाई नहीं की जा रही है, उन्हें चिह्नित कर निलंबित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अब फर्जी आंकड़ेबाजी बर्दाश्त नहीं होगी।
मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में व्यापार बंधु व जिला उद्योग बंधु की बैठक में डीएम ने कहा कि कुछ विभाग और अधिकारी बैठकों में लिए निर्णयों को फाइलों में दबा कर रख देते है। अधिकारी अपनी कार्यशैली बदले और बैठकों में लिए गये निर्णयों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा करना जिला प्रशासन व पुलिस का दायित्व है, किसी भी व्यापारी का किसी भी स्तर पर उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देश दिए कि अभियान चला कर अवैध टैंपुओं को सीज किया जाए। उन्होंने मनोरंजन कर अधिकारी को महानगर में जगह-जगह लगे अश्लील पोस्टरों को हटाया जाए। चेतावनी द ी कि बै ठ क से पूर्व दिल्ली रोड़ स्थित औद्योगिक क्षेत्र के एप्रोच मार्ग में सुधार नहीं होता है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने सहारनपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे औद्योगिक क्षेत्र में तत्काल बिजली का कार्य पूर्ण कराएं।जिलाधिकारी ने बैंकों में बेरोजगारों युवकों के ऋण आवेदन पत्रों को लंबित रखने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए एलडीएम का जवाब तलब करने के साथ ही कई बैंकों के कॉर्डिनेटरों को स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना किसी ठोस कारण के ऋण आवेदन पत्रों को लंबित रखने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी। लापरवाही के लिए बैंकों की जिम्मेदारी निर्धारित की जायेगी। उन्होंने सख्त लहजे में बैंक अधिकारियों को निर्देश दिये कि बैंकर्स अपना आचरण सुधारे और बेरोजगारों को लोन देने में अड़चन पैदा ना करें। उन्होंने कहा कि उद्योग बंधु की समस्याओं की अनदेखी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं होगी। मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन, नगर आयुक्त गौरव वर्मा, अपर जिला मजिस्ट्रेट (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार, उपायुक्त उद्योग कल्पना, जिला व्यापार बन्धु व जिला उद्योग बंधु के पदाधिकारीगण व सभी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।